डूडा विभाग जिले के पंजीकृत 68 गरीब लोगों को ई-रिक्शा का 10 दिवसीय प्रशिक्षण दे रहा है। शहरी क्षेत्र में 52 और ग्रामीण क्षेत्र में 16 रिक्शा दिए जाने हैं।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों से खुलेआम धन उगाही करने वाले डूडा के कर्मचारी पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश समीक्षा बैठक में दे चुके हैं। पीओ डूडा कार्रवाई की जगह कर्मचारी का बचाव कर रही हैं। उनका दो टूक कहना है कि डीएम का लिखित आदेश मिलने पर ही कार्रवाई होगी।
डूडा की ओर से बनवाए जा रहे प्रधानमंत्री आवासों में रोजाना गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। अब तक दो ऑडियो के साथ ही एक वीडियो सामने आ चुका है। इसमें डूडा के कर्मचारियों द्वारा घूस मांगी जा रही है। वायरल हुए ऑडियो में डूडा कार्यालय में तैनात कर्मचारी दिलीप पटेल की आवाज है।
प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव से भी तीन दिन पहले ही इसकी शिकायत की जा चुकी है। मौके पर ही प्रभारी मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने भी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए पीओ डूडा को निर्देशित किया था। इसके बाद चार दिन का समय बीत चुका है, लेकिन पीओ डूडा ने कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि जब तक जिलाधिकारी कार्यालय से लिखित में आदेश नहीं आता है तब तक वे कोई कार्रवाई नहीं करेंगी।
डूडा में भ्रष्टाचार के आरोप में पहले भी डूडा के तीन कर्मचारी बर्खास्त किए जा चुके हैं। शुक्रवार को तो किशनी के सभासदों ने दलालों की सूची तक अधिशासी अधिकारी को सौंपी थी। प्रधानमंत्री आवास में घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद हर किसी की नजर डूडा पर टिकी हुई है। हर किसी को मामले में कार्रवाई होने का इंतजार है। इसके चलते शनिवार को आरोपी कर्मचारी दिलीप पटेल अवकाश पर चले गए। हालांकि विभागीय अधिकारी केवल एक दिन के अवकाश पर जाने की बात स्वीकार रहे हैं।