किशनी (मैनपुरी)। शादी का झांसा देकर युवक नौ महीने तक युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। युवक की सच्चाई जब युवती के सामने आई तो आरोपी ने तीन अन्य भाइयों के साथ गैंगरेप किया। युवती को बंधक बनाकर मारापीटा गया। उसके हाथों को ब्लेड से काटा गया। यह दास्तां पीड़ित युवती ने डायल 100 पर फोन करके के बाद मदद के लिए पहुंचे सिपाहियों को सुनाई।
कन्नौज के सौरिख निवासी युवती ने बताया कि वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती थी। दिल्ली से घर आते समय किशनी थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी संविदा परिचालक से उसकी दोस्ती हो गई। करीब नौ महीने पहले संविदा परिचालक उसे भागकर कुरावली ले आया। यहां दोनों किराए पर कमरा लेकर रहने लगे। युवती ने बताया कि वह यादव है और युवक ने भी खुद को यादव बताया, इस पर वह शादी के लिए तैयार हो गई। नौ महीने तक आरोपी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
युवक की दूसरी जगह शादी होने की बात उसे पता चली तो वह करीब 15 दिन पहले युवक के गांव पहुंच गई। यहां पता चला युवक जाटव परिवार से ताल्लुक रखता है। इस पर उसने विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि यहां युवक ने उसके साथ मारपीट की। युवक के साथ ही उसके तीनों भाइयों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मंगलवार की शाम युवती किसी तरह गांव से भाग निकली और सूचना डॉयल 100 को दी। वहीं थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शांतिभंग में की कार्रवाई
युवती ने बताया कि उसने डॉयल 100 पर दुष्कर्म की शिकायत की। पुलिस पहुंची और युवक के दो भाइयों को पकड़कर थाने ले गई। यहां पुलिस ने दोनों के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की।
मंगलवार रात 100 डायल पुलिस दो लोगों को पकड़कर थाने लाई थी। जिस महिला ने शिकायत की थी उसने कहा कि सुबह वह पति के साथ थाने आएगी, लेकिन वह दिन में नहीं आई।
केके तिवारी, इंस्पेक्टर