मथुरा। खाद्यान्न वितरण को लेकर निरंतर मिल रही शिकायतों के बाद डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने ब्लॉक स्तरीय गोदामों की निगरानी मजिस्ट्रेटों को सौंप दी है। यह सभी मजिस्ट्रेट एसडीएम स्तर के होंगे, जो गोदाम से खाद्यान्न उठान से लेकर डीलर की दुकान तक आकस्मिक चेकिंग करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में डीएम ने विभागीय अधिकारियों को दूर रखा है।
जिले में खाद्यान्न को लेकर प्रशासनिक अफसरों के पास सबसे अधिक शिकायत पहुंच रही हैं। खुद डीएम इस स्थिति को लेकर बेहद गंभीर हैं। प्रत्येक दिन जनसुनवाई में डीलर द्वारा राशन की कालाबाजारी और अधिकारियों की मिलीभगत की शिकायतें बड़ी संख्या में मिलती हैं। इस स्थिति को देखते हुए डीएम ने ब्लॉक स्तर पर उठान वाले गोदामों पर एसडीएम को निगरानी का दायित्व सौंप दिया है।
यह भी आदेश दिया है कि गोदामों की चेकिंग के साथ डीलरों द्वारा ले जाए जा रहे खाद्यान्न को भी आकस्मिक रूप से चेक किया जाए। दुकान तक पूरा राशन जा रहा है या नहीं। इस जांच प्रक्रिया में डीएम ने एसडीएम और डिप्टी कलक्टर लगाए हैं।
आपूर्ति विभाग के अफसरों को दूर रखा गया है। गौरतलब रहे कुछ माह पहले नौहझील सहित कई क्षेत्र के आपूर्ति निरीक्षण पहले ही गंभीर आरोपों के घेरे में रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था इसी माह से प्रभावी हो जाएगी।