मथुरा। ट्रेनों में वसूली करने वाले मंगलामुखियों के आतंक से ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री परेशान हैं। जो भी यात्री इनकी हरकतों का विरोध करता है उसके साथ मारपीट तक कर दी जाती है। परेशान यात्रियों ने जीआरपी थाने में मंगलामुखियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जी हां हम बात कर रहे हैं ट्रेन में चलने वाले उन मंगलामुखियों की टोली की जो यात्रियों से जबरन वसूली करते हैं। मंगलामुखियों का यह आतंक आगरा मथुरा की बीच सबसे अधिक रहता है। मंगलामुखियों की टोली मथुरा रेलवे जंक्शन से दोपहर के समय झेलम एक्सप्रेस के एस दस कोच में सवार होती है। इसके बाद इनका आतंक शुरू हो जाता है।
आगरा मथुरा के बीच नियमित सफर करने वाले यात्री धौलीप्याऊ निवासी अशोक अग्रवाल, सदर निवासी तेजू, आगरा निवासी डॉ. शिवराज व सुशील कुमार ने मंगलामुखियों के आतंक के खिलाफ शिकायती पत्र जीआरपी थाने पर दिया है। कासगंज और मथुरा के बीच चलने वाली ट्रेनों में भी मंगलामुखी जबरन वसूली करते हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना ने बताया कि ट्रेन में मंगलामुखियों द्वारा जबरन वसूली किए जाने की शिकायत यात्रियों ने की है। मंगलामुखियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।