मथुरा। फरह पुलिस के हत्थे तीन गांजा तस्कर चढ़े हैं, जबकि दो तस्कर चकमा देकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने 200 किलो गांजा गांव सेरसा में गोविंद के घेर से बरामद किया है। यह गांजा बिक्री को मथुरा लाया गया था।
मादक पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत फरह पुलिस को रविवार की रात सूचना मिली कि गांव सेरसा में गोविंद के घेर में बड़ी मात्रा में गांजा छुपाया जा रहा है, जो कि मथुरा में बिक्री के लिए लाया गया है। फरह पुलिस ने छापामारा तो तीन गांजा तस्कर हत्थे चढ़ गए, जबकि दो गांजा तस्कर भाग खड़े हुए।
सीओ रिफाइनरी विनय सिंह चौहान ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक आजादपाल सिंह ने थाना फरह के गांव पीलुआ निवासी वीरेंद्र, थाना हाईवे के गांव जुनसुटी निवासी उदय सिंह और थाना रिफाइनरी के गांव भाहई निवासी राजू को पकड़ा है। भागे हुए थाना फरह के गांव सेरसा निवासी गोविंद और न्यू आगरा के पुष्पाजंलि गार्डन निवासी ओमप्रकाश वर्मा है।
भागे तस्करों की तलाश की जा रही है। इनके कब्जे से 200 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है। एसएसपी बबलू कुमार ने फरह पुलिस की पीठ थपथपाकर पुरस्कृत किया है।