मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग दो से जुड़े मथुरा-भरतपुर मार्ग पर रेंगते ट्रैफिक को रफ्तार मिल जाएगी। इस संकरे मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। परिवहन मंत्रालय ने इसके लिए 48.12 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। सांसद हेमामालिनी ने इसके लिए प्रस्ताव भेजा था।
मथुरा से भरतपुर तक का मार्ग यूं तो 38 किलोमीटर का है लेकिन मथुरा लोकसभा क्षेत्र में 18 किलोमीटर का रास्ता आता है। इस व्यस्त मार्ग पर 5 पुलिया भी हैं। पुलिया संकरी होने के कारण लोगों को भारी दिक्कत होती है। कई बार हादसे तक हो चुके हैं। चौड़ीकरण के मुद्दे भी उठते रहे। लेकिन हुआ कुछ नहीं। इस बरेली-भरतपुर मार्ग पर स्थिति यह है कि इतने गड्ढे हैं कि वाहन रफ्तार ही नहीं पकड़ पाते हैं। सांसद हेमामालिनी ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को कुछ माह पहले इस मार्ग की स्थिति से अवगत कराया था। खैर अब इस सड़क का चौड़ीकरण मंजूर हो गया है।
इस संबंध में परिवहन मंत्रालय से सांसद हेमामालिनी के पास पत्र भी पहुंच गया है। केंद्रीय सड़क निधि से सड़क के निर्माण को स्वीकृति तथा धन आवंटन कर दिया गया है। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े भरतपुर मार्ग की चौड़ाई फिलहाल सात मीटर है, जिसे अब 10 मीटर किया जाएगा। इसके अंतर्गत आने वाले सभी पुल भी चौड़े कर दिए जाएंगे। इसके अलावा सौंख-कुम्हेर से गुनसारा मार्ग के निर्माण के लिए भी स्वीकृति मिल गई है। 580 मीटर लंबे इस मार्ग को भी तीन मीटर के स्थान पर सात मीटर चौड़ा किया जाएगा।