फिरोजाबाद। हाइकोर्ट के निर्देश पर टापाकलां में शुक्रवार को मलबा हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस फोर्स मौजूद होने के बावजूद नगर निगम की टीम मौके से मलबा नहीं उठा सकी। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद अधिकारी व कर्मचारी बैरंग लौट आए।
टापाकलां क्षेत्र में कुछ लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर पक्के मकान बना लिए थे। हाईकोर्ट के निर्देश पर गत माह तहसीलदार सदर प्रसून कश्यप के नेतृत्व में जेसीबी से पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त कराया था लेकिन मलबा नहीं उठ सका था। हाइकोर्ट के निर्देश पर प्रभारी अपर नगर आयुक्त विकास कुरील के नेतृत्व में नगर निगम की टीम टापाकलां क्षेत्र में मलवा उठवाने पहुंची। नगर निगम की टीम पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गए।
वहां जिन लोगों के अतिक्रमण ध्वस्त कराए गए थे, उन्होंने जनता के साथ मिलकर मलवा उठाने का विरोध शुरू कर दिया। पुलिस फोर्स ने क्षेत्र की जनता को काफी समझाने का प्रयास किया, परंतु क्षेत्र की जनता ने विरोध करते हुए मलवा नहीं उठने दिया। जनता के कड़े विरोध करते हुए नगर निगम की टीम मौके से वापस लौट आई।
प्रभारी अपर आयुक्त विकास कुरील ने बताया कि हाइकोर्ट के निर्देश के पालन में अतिक्रमण हटवाने के बाद मलवा हटाने के लिए टीम पहुंची थी। जिन लोगों ने अतिक्रमण किया था, उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इससे मलवा उठाने की कार्यवाही नहीं हो सकी। टीम में जेई प्रवीन कुमार, अशोक कुमार, अजय मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।