कोसीकलां (मथुरा)। शेरगढ़ रोड पर 50 से अधिक गांवों को जोड़ने वाला कोसी नाले का पुल टूट गया। इससे गांवों के आने जाने का आवागमन बंद होने से ग्रामीण परेशान हो गए हैं।
कोसी-शेरगढ मार्ग पर गांव नगरिया दस विसा के समीप कोसी नाले के ऊपर बना पुल टूट गया। मंगलवार की रात्रि में पुल से एक 20 टायरा डंपर गिट्टी लेकर जा रहा था, तभी पुल का एक हिस्सा नीचे की ओर बैठ गया और डंपर उसमें फंस गया। डंपर के फंसने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बुधवार की सुबह क्रेन की मदद से डंपर को निकाला गया। पुल टूटने से कोसी का ग्रामीण क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह कट गया है। ग्रामीण पैदल भी पुल से नहीं गुजर सकते। ग्रामीणों ने बताया कि पुल पहले से ही जर्जर अवस्था में था। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ओवरलोड वाहनों के निकलने से टूटा पुल
कोसी नाले के इस पुल बेतहाशा ओवर लोडिंग हो गई थी। इसके चलते पुल जर्जर हो गया। पुल पहले से ही अपनी समय सीमा कर चुका था। खामियाजा आम लोगों को ही भुगतना पड़ा।