मांट (मथुरा)। एक्सप्रेसवे बाजना (माइल स्टोन-68) के समीप सोमवार को खड़े ट्रक में पीछे से कैंटर घुसने से क्लीनर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। कैंटर आगरा से नोएडा जा रहा था। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल भिजवाया और परिचालक के शव को कब्जे में लिया।
रायबरेली के गांव भवानी खेड़ा निवासी सतीश कुमार (35) पुत्र राजकुमार कैंटर पर चालक हैं, इसी गांव के रूपेश (29) पुत्र श्रीराम क्लीनर थे। कैंटर लेकर आगरा से नोएडा के लिए चले चालक और क्लीनर एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन-68 पर पहुंचे थे। चालक को आई झपकी के चलते सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से कैंटर घुस गया।
कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि क्लीनर की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर एक्सप्रेसवे कर्मी और पुलिस पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल भिजवाया तो क्लीनर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्रेन से दोनों वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया गया। पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी।