फिरोजाबाद। सैलई से हाथवंत जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास लालरंग की कार सवार पुलिस कर्मियों ने उत्तर प्रदेश जूनियर शिक्षक संघ के खैरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष आदेश यादव से मारपीट और अभद्रता की। उनके साथ आ रही विकलांग शिक्षिका मारपीट और अभद्रता देख बेहोश हो गई। सूचना पर शिक्षक एकत्रित हो गए। एसएसपी एवं बीएसए को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर शिक्षकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
थाना रसूलपुर के ग्राम लालपुर निवासी आदेश यादव उच्च प्राथमिक विद्यालय खैख्यातान में तैनात हैं। उत्तर प्रदेश जूनियर शिक्षक संघ खैरगढ़ ब्लाक के अध्यक्ष भी हैं। शुक्रवार को सुबह बाइक से विद्यालय पढ़ाने जा रहे थे। उनकी बाइक पर उसी विद्यालय की दिव्यांग शिक्षिका मायारानी बैठी थीं। सैलई हाथवंत रोड पर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई लाल रंग की मारूती कार सवार पुलिस कर्मियों ने बाइक ओवरटेक कर शिक्षक को रोक लिया। शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष आदेश ने बताया कि वो हेलमेट लगाए था तो पुलिसकर्मियों ने सड़क पर गिरा लिया।
विकलांग शिक्षिका सड़क पर गिरने से बेहोश हो गई। आरोप है कि ब्लॉक अध्यक्ष आदेश से पुलिसकर्मियों ने मारपीट एवं अभद्रता की। हेलमेट उतारकर परिचय दिया फिर भी पुलिसकर्मियों ने मारपीट एवं अभद्रता कर मोबाइल, नगदी एवं कागजात छीन लिए थे। मोबाइल तोमिल गया, लेकिन नगदी एवं कागज नहीं मिले। बेहोश दिव्यांग शिक्षिका को राहगीरों ने पानी पिलाया। तब वो होश में आई। शिक्षक आदेश ने डीएम नेहा शर्मा, बीएसए को फोन से अवगत कराया।
शिक्षक संघ के पदाधिकारी एकत्र होकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एक पुलिसकर्मी का नाम भी बताया। एसएसपी ने पुलिसकर्मी को बुलाया तो उसने अन्य पुलिसकर्मियों के नाम बताए। शिक्षक ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है। बीएसए को ज्ञापन सौंपकर पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष ओपी यादव, आनंद श्रोत्रिय, सोनल शर्मा, मुकेश कुमार, अबोध चतुर्वेदी, टीकम सिंह, मनोज गोस्वामी, होराम सिंह मौजूद रहे।