रेलवे जंक्शन और ट्रैक पर कब्जा रहा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। दलित और वाल्मीकि समाज के लोगों का एक घंटे तक रेलवे जंक्शन और ट्रैक पर कब्जा रहा। प्रदर्शनकारी भिवानी पैसेंजर के इंजन पर चढ़ गए और नारेबाजी की। पूरे स्टेशन पर नारेबाजी करते रहे। दुकानदारों का पानी लूट लिया और डस्टबिन फेंक दिए। सब कुछ पुलिस प्रशासन के सामने होता रहा, लेकिन किसी ने रोकने की हिम्मत नहीं जुटाई।
कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बाद हजारों की भीड़ दोपहर 12:30 बजे रेलवे जंक्शन पहुंच गई। इसके बाद जंक्शन के दिल्ली एंड पर प्लेटफार्म, एक, दो, तीन और चार पर जमकर हंगामा किया। प्लेटफार्म तीन पर रखे दुकानदार खुर्शीद अहमद व एक अन्य दुकानदार के 100 कार्टन पानी की बोतल व थैलियों को लूट लिया।
बाकी प्लेटफार्म पर दुकानों के आगे रखे डस्टबिन ठोकर मारकर फेंक दिए और फल आदि लूट लिए। पूरे स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे ट्रैक पर आंदोलनकारी जमे रहे और नारे लगाए। कई बार आंदोलनकारी ट्रेन के डिब्बों में चढ़ गए। यात्रियों ने विरोध किया तो उनसे अभद्रता व धक्कामुक्की की। धक्का लगने से एक यात्री गिर गया। उसके सिर में चोट आई है। एक घंटे से अधिक समय तक चले हंगामे को आरपीएफ, जीआरपी, एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम प्रशासन, सीओ सिटी सहित शहर की पुलिस मूक बनकर देखती रही।