फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। आवास विकास कालोनी में शनिवार रात चोरों ने शिक्षक दंपति और नगर पंचायत बाबू के घरों के ताले चटका कर लाखों रुपये के जेवरात और कैश चोरी कर फरार हो गए। देर रात शिक्षक दंपति के घर पहुंचने पर वारदात की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और फिंगर प्रिंट टीम को बुला कर नमूने लिए।
कॉलोनी आवास विकास निवासी शिक्षक दंपति रामनिवास अपनी पत्नी ज्योती रानी के स्थानांतरण के लिए काउंसिल में भाग लेने बदायूं बीएसए कार्यालय गए थे। देर रात दो बजे शिक्षक दंपति घर पहुंचा तो ेताला खुला देख हैरान रह गया। मकान के अंदर जाते ही दंपति के होश उड़ गए। अलमारी और सूटकेश खुले पड़े थे और सामान बिखरा था। दंपति से पुलिस को फोन पर सूचना दी तो सीओ संजय कुमार रेड्डी ने पहुंच कर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुला कर नमूने लिए।
शिक्षक दंपति के घर से मात्र 300 मीटर दूरी पर नगर पंचायत घिरोर में बाबू के पद पर तैनात अतीक अहमद के घर का भी चोरोें ने ताला तोड़ कर लाखों के जेवरात और कैश चोरी कर लिया। वारदात के वक्त अतीक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फिरोजाबाद में शादी समारोह में गया था। शिक्षक ने बताया कि चोर तीन लाख 15 हजार रुपये कैश, 30 तोले सोने और डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और अतीक के घर से 20 हजार रुपये कैश और दो लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं।