फिरोजाबाद। घने कोहरे और गलन की वजह से सर्दी में बढ़ोत्तरी हुई तो हादसे भी हुए। जसराना क्षेत्र में स्कूली बच्चों की गाड़ी कार से टकरा गई। हादसे में छह बच्चे घायल हो गए। इससे चीखपुकार मच गई। दूसरी तरफ नगला खंगर क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर वाल्वो की टक्कर से श्रमिक की मौत हो गई।
जसराना के मोहल्ला बनियात में संचालित एनएस पब्लिक स्कूल की मार्शल गाड़ी बड़ा गांव, नगला मिलिक के साथ झपारा सहित अन्य गांवों में बच्चों को लेकर स्कूल लौट रही थी। घना कोहरा होने की वजह से गाड़ी सामने आती कार से भिड़ गई। इससे बच्चों में चीखपुकार मच गई। करीब 12 बच्चे और पांच शिक्षक मौजूद थे। छह बच्चों के चोट लगी। बड़ा गांव के सनी पुत्र धर्मेंद्र की नाक में चोट लगने से खून बहने लगा। हादसे की सूचना पर झपारा निवासी भूपेंद्र अपने बच्चे आशिक को अपने साथ ले गए।
नगला मिलिक निवासी हरेंद्र, नागेंद्र के पिता रामजीलाल ने बताया कि स्कूल की गाड़ी में उनके बच्चे भी सवार थे। मामूली चोटें आई हैं। वहीं कार में आलम, अवधेश, कपिल, हरीमोहन, वीरेंद्र थे। सभी लोग एका के एसपीजी इंटर कालेज में अध्यापक हैं। वह एका विद्यालय में जा रहे थे। विद्यालय के संचालक ने बताया हादसा हुआ है लेकिन किसी बच्चे को कोई चोट नहीं लगी है।
दूसरी तरफ शुक्रवार की देर रात्रि थाना नगला खंगर क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भदान के करीब हादसा हुआ। मैनपुरी के थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला भदा निवासी उरवेश कुमार पुत्र बानासुर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का निर्माण करा रही एफकॉन कंपनी में श्रमिक था। शुक्रवार रात को काम खत्म करके वह कैंप की ओर लौट रहा था। भदान के समीप कोहरे के कारण तेज गति से आ रही वाल्वो बस ने श्रमिक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सूचना जैसे ही कंपनी के स्टाफ को लगी तो वह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ उसे पीएम कराने को जिला अस्पताल भेज दिया। उरवेश के परिवारीजनों ने बताया कि श्रमिक के दो बेटे और एक बेटी है। थानाध्यक्ष नगला खंगर ने बताया कि श्रमिक की मौत सड़क हादसे में हुई है। उसके शव को पीएम को जिला अस्पताल भेजा है।