एटा। अमृत योजना के तहत चयनित नगर के तीन पार्कों का सुंदरीकरण कार्य तो दूर यहां अभी तक बाउंड्रीवाल तक नहीं हो सकी है। हालांकि आठ माह में पार्कों के सुंदरीकरण का कार्य पूरा होना था, जिसमें से छह माह का समय पूरा हो चुका है।
नगर पालिका की ओर से पार्कों के सुंदरीकरण कराने के लिए मई माह में टेंडर निकाला गया था। इसमें नगर के आवास विकास और सुनहरी नगर पार्क शामिल है। मेहता पार्क का सुंदरीकरण दूसरे चरण में होना है। हालांकि अमृत योजना के तहत चयन जरूर हो चुका है। पार्कों के सुंदरीकरण के पीछे की मंशा नगर के लोगों को सुबह शाम एक ऐसा स्थान मिल सके, जहां उन्हें न केवल स्वच्छ वातावरण मिले अपितु आम आदमी के लिए आकर्षण का केंद्र भी बने।
पार्कों में होने हैं कार्य
अमृत योजना के तहत चयनित तीनों पार्कों में टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि, कूड़ा डालने के लिए कूड़ादान, लोगों के बैठने के लिए फर्नीचर, फुलवारी के साथ औषधियुक्त पौधे लगाने, पानी पीने के लिए सुविधा, पार्क के बीच में फव्वारा, रंग बिरंगी लाइट आदि सुविधाएं मुहैया कराई जानी है।
एक नजर आंकड़ों पर
03 पार्कों का अमृत योजना में हुआ चयन
08 माह में पार्कों के सौंदर्यीकरण का होना था काम पूरा
06 छह माह पूर्व निकाले जा चुकेे हैं दो टेंडर
29.20 लाख में होगा आवास विकास पार्क में कार्य
95.96 लाख रुपए में होगा सुनहरी नगर पार्क का सौंदर्यीकरण
73.52 लाख में होंगे मेहता पार्क का सौंदर्यीकरण