वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन में अंडा-मांस, शराब, अफीम, गांजा और स्मैक की बिक्री वालों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग उठने लगी है। आनंद वाटिका स्थित सनातन संस्कार धाम में अध्यात्म रक्षा मंच की बैठक शुक्रवार को हुई।
इसमें धर्मनगरी में मांस, अंडा व नशे की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ की गई छापामार कार्रवाई का सही ठहाया गया। साथ ही संतों एवं धर्माचार्यों ने नगर के विभिन्न इलाकों में अब भी अवैध रूप से जारी शराब, अफीम, गांजा और स्मैक की बिक्री को भी प्रतिबंधित करने की मांग की।
अध्यक्षता करते हुए महंत राम प्रपन्नाचार्य ने कहा कि तीर्थ स्थली वृंदावन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालु एवं पर्यटक आते है। ऐसे में नगर में अवैध शराब, अंडा, मांस-मीट की बिक्री होना गलत है।
महंत तमालकृष्ण ब्रह्मचारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अधिकारिक रुप से भी वृंदावन को तीर्थस्थल घोषित कर दिया है। धर्मनगरी में अवैध शराब, अंडा, मांस-मीट की बिक्री नहीं होनी चाहिए। पं. बिहारीलाल वशिष्ठ ने कहा कि वृंदावन की धार्मिक एवं आध्यात्मिक छवि को बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन को नगर में अवैध रुप से होनी वाली अवैध शराब, अंडा, मांस-मीट की बिक्री पर रोक लगानी चाहिए।
इस अवसर पर डा. गोपाल चतुर्वेदी, महंत किशोरीशरण महाराज, रामविलास चतुर्वेदी, आलोक बंसल, महंत अमर दास, देवानंद पंडित, महंत सुतीक्ष्ण दास उपस्थित थे।