कासगंज। सिकंदराराऊ मार्ग पर शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक सिपाही सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए। एक गंभीर रूप से घायल को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
गली बोहरान निवासी विशाल गौड़ पुत्र नरायनलाल गौड, उसका तहेरा भाई अंकित गौड़ पुत्र खजांची लाल गौड़ एवं शिवम कौशिक पुत्र बजेश निवासी सहावर गेट कार से अलीगढ़ से लौट रहे थे। वहीं यूपी 100 के सिपाही सौरभ यादव पुत्र उदयवीर सिंह निवासी अशोक नगर एटा अपना खराब मोबाइल मोहनपुरा चौकी पर जमा करने जाने के लिए रास्ते में खड़े थे। कार को सामने से आता देख उन्होंने हाथ देकर गाड़ी को रुकवाया और उसमें सवार हो गए।
अथैया चौराहे के निकट गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सौरभ, युवक विशाल और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाही ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड दिया। वहीं विशाल की बदायूं ले जाते समय मौत हो गई। वहीं शिवम को अलीगढ़ में भर्ती कराया गया है।
सिपाही को दी सलामी
सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन लाया गया, जहां उसे सलामी दी गई। सलामी देने के लिए डीएम आरपी सिंह, एसपी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस प्रशासिनक अधिकारी पुलिस लाइन पहुुंचे।