वृंदावन (मथुरा)। ब्रज चौरासी कोस के अंतर्गत राजस्थान सीमा क्षेत्र में आने वाली कृष्णलीला स्थलियों के संरक्षण व संवर्धन के लिए राजस्थान सरकार ने 541 करोड़ का बजट पारित किया है। अब तक 190 करोड़ के विकास कार्य हो चुके हैं। यह बात राजस्थान से देवस्थान विभाग मंत्री राजकुमार रिंणवा ने रविवार को पत्रकार वार्ता में कही। वह मथुरा मार्ग स्थित ठाकुर राधामाधव (जयपुर मंदिर) में आयोजित छप्पन भोग महोत्सव में भाग लेने आए थे। उन्होंने कहा कि ब्रज से राजस्थान का वर्षों पुराना नाता है। ब्रज के कई क्षेत्रों में देवस्थान विभाग के कई प्राचीन मंदिर, धर्मशालाएं एवं संपत्तियां है। इनके संरक्षण व संवर्धन के लिए राजस्थान सरकार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जयपुर मंदिर में भी खाली पड़ी भूमि पर शीघ्र ही सघन वृक्षावली (वन) विकसित किया जाएगा। जिससे यहां दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं को ब्रज की महत्ता का अहसास हो। उन्होंने कहा कि हमारे यहां राजनीति के चलते आपसी द्वेष-ईर्ष्या की भावना बढ़ रही है। जबकि दुबई जैसे इस्लामिक देशों में ऐसा नहीं है। सुनील मत्तड़, विजय कुमार रिंणवा उपस्थित थे।