आगरा। माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय बास्केटबाल प्रतियोगिता शुक्रवार को क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कालेज में संपन्न हुई। सीनियर बालक एवं बालिका, सब जूनियर बालक वर्ग में आगरा की टीम विजेता रही। सब जूनियर बालिका वर्ग में मथुरा की टीम ने बाजी मारी। मैनपुरी जिले की टीम किसी वर्ग में नहीं पहुंची।
सीनियर बालक वर्ग में आगरा ने फिरोजाबाद को 42-5 के बड़े अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा किया। विजेता टीम के रोहित ने आठ, उत्कर्ष-सौरव ने छह-छह, आदित्य और अमन ने चार-चार गोल किए। सब जूनियर बालक वर्ग में आगरा के अलावा अन्य किसी जिले की टीम नहीं आई। आगरा को विजेता घोषित किया गया। सब जूनियर बालिका वर्ग में मथुरा ने आगरा को 12-4 के अंतर से पराजित किया। मथुरा की रूपेश ने आठ, मुस्कान ने चार अंक बनाए। आगरा की पूनम ने तीन अंक टीम को दिलाए।
सीनियर बालिका वर्ग में आगरा ने मथुरा को करारी शिकस्त दी। आगरा टीम के 33 गोल के मुकाबले मथुरा की ओर से एक भी गोल नहीं किया गया। आगरा की रीना ने टीम को सर्वाधिक 17 अंक दिलाए। पूजा ने छह, कुमकुम-काजल ने चार-चार अंकों का योगदान दिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन क्वीन विक्टोरिया की प्रधानाचार्या रीना राबर्ट्स और एमडी जैन के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जीएल जैन ने किया। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा, मंडलीय क्रीड़ा सचिव डा. अनिल वशिष्ठ, जनपदीय क्रीड़ा सचिव डा. चतुर सिंह, प्रधानाचार्य अतुल जैैन ने पुरस्कार वितरण किया। वीरेंद्र वर्मा, संदीप परिहार, राजेश गुप्ता, प्रीति सिंह, विदुषी सिंह, डौली साइलस, जयवीर सिंह मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका आशीष वर्मा, अयंत राना, अभिषेक शर्मा ने निभाई। संचालन पूनम लवीना डिकोस्टर और रीनेश मित्तल ने किया।