आगरा। उत्तर भारत के प्रमुख आयोजन श्रीराम बरात और जनकपुरी महोत्सव के विकास कार्यों का रोड मैप तैयार हो गया है। पिछले दिनों जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद विकास कार्यों की जिम्मेदारी नगर निगम और आगरा विकास प्राधिकरण को मिली है।
नगर निगम ने आवास विकास कालोनी में सड़क, नाली, खड़ंजा, इंटरलाकिंग और पार्कों के सुधार पर करीब 9.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसी तरह आगरा विकास प्राधिकरण ने करीब दो करोड़ रुपये से कार्र्य कराने की योजना बनाई है।
इस राशि से आवास विकास कालोनी के अलावा परंपरागत राम बारात शोभायात्रा मार्र्ग और रामलीला मैदान में कार्य कराएं जाएंगे। शोभायात्रा मार्ग बहुत खराब है। रामलीला मैदान की भी दशा खराब है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
नगर निगम और विकास प्राधिकरण के अलावा टोरंट पावर को राम बारात शोभायात्रा मार्ग में जर्जर विद्युत तारों और खंभों को बदलने का काम करना होगा। जलकल विभाग को भी आवास विकास कालोनी और राम बारात मार्ग की की सीवर व्यवस्था पर काम करना है। सभी मैनहोल के ढक्कनों को दुरुस्त करना होगा।