फिरोजाबाद। एनडीए द्वारा राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए गए बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद का सुहागनगरी से गहरा नाता रहा। सुहागनगरी में वीरांगना झलकारी बाई प्रतिमा अनावरण समारोह के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होने को यहां आए थे। घोषणा होने के साथ ही उनकी पुराने यादें लोगों को एक बार फिर ताजा हो गईं।
वर्तमान में बिहार के राज्यपाल और एनडीए की ओर से देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित किए जाने के साथ रामनाथ कोविंद के करीबियों में खुशी छा गईं। राज्यसभा सदस्य रहते हुए कोविंद फिरोजाबाद जिले में आए और कई कार्यक्रमों में शिरकत की। 1993 में राज्यसभा सदस्य के रूप में भाजपा नेता भगवानदास शंखवार के सद्गुरु कबीर प्राथमिक स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में शामिल होने के लिए बतौर मुख्य अतिथि आए थे।
28 सितंबर 2003 में देश के कृषि मंत्री और वर्तमान गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ यहां बस स्टैंड के समीप वीरांगना झलकारी बाई प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। कार्यक्रम के संयोजक वर्तमान विधायक मनीष असीजा थे। श्री छदामी लाल जैन मंदिर में स्थापित प्रतिमा बाहुबली भगवान के महामस्तिकाभिषेक समारोह में शामिल होने 2005 में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण के साथ आए थे।