आगरा के स्कूलों में चलाया खसरा-रुबेला टीकाकरण अभियान, कक्षा 1-5 के 2.60 लाख बच्चों को लगाया जाएगा टीका
- 27 फरवरी तक लगेंगे टीके, 2400 से ज्यादा स्कूलों में चरणबद्ध चलेगा विशेष अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
आगरा। अगर आपके बच्चे ने खसरा-रुबेला का टीका नहीं लगवाया है तो वह स्कूल में जाकर लगवा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खसरा-रुबेला टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को स्कूलों में टीका लगाया जा रहा है। दो दिनों में 31 हजार बच्चों का टीकाकरण पूरा हो चुका है। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। टीका लगने से खसरा और रुबेला जैसी बीमारियों से बचाव होता है।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि खसरा संक्रामक रोग है। इसका टीका न लगने पर बच्चों को तेज बुखार और शरीर पर लाल दाने हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में बच्चे के जीवन का खतरा रहता है। विशेष अभियान में 2341 सरकारी, 1545 निजी स्कूलों के 2.60 लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाना है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि दो दिन में 31 हजार बच्चों को खसरा-रुबेला का टीका लग गया है। 27 फरवरी तक सभी 2.60 लाख बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है।