उड़ीसा की किशोरी को नौकरी दिलाने के बहाने आगरा लाकर खंदौली में 30 हजार रुपये में बेच दिया गया। कई दिन से उस पर अधेड़ व्यक्ति से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। शनिवार को किशोरी भागकर थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को पूरा मामला बताया। पुलिस ने उसे ‘चाइल्ड लाइन’ को सौंप दिया है।
14 वर्षीय निहारिका (बदला नाम) शनिवार की सुबह खंदौली थाने पहुंची। उसने बताया कि वह बहुत गरीब परिवार से है। कुछ दिनों पहले पिता ने पिटाई लगा दी। इस पर उसका पिता से झगड़ा हो गया। उसका अपने पड़ोसी कैलाश के घर आना-जाना था। कैलाश और उसकी पत्नी ने कहा कि वह उसे आगरा में दस हजार रुपये महीने की नौकरी दिला देंगे।
दस दिन पहले यह दंपति निहारिका को खंदौली में एक अविवाहित अधेड़ व्यक्ति को 30 हजार रुपये में बेच गया। घर में अधेड़ के अलावा भी परिवार के कई लोग थे। लड़की का कहना है कि तभी से उस पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था। शनिवार की सुबह मौका मिलने पर वह भाग निकली। चाइल्ड लाइन के नरेंद्र परिहार ने बताया कि किशोरी की काउंसलिंग की जा रही है। उसे आश्रय गृह भेजा गया है।