भोगांव। गांव मक्खनपुर में जमीन के विवाद पर किसान गिरंद सिंह की हत्या के मामले में नामजद 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस अब शेष 4 आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। थाना क्षेत्र के गांव मक्खनपुर निवासी 38 वर्षीय गिरंद सिंह की 21 अक्तूबर को नामजद लोगों ने जमीन के विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई नंदराम ने बताया था कि गांव के फूल सिंह और राम गोपाल के बीच जमीन का विवाद है, 20 अक्तूबर को गिरंद ने अपने ट्रैक्टर से राम गोपाल का खेत जोता था। इसी बात पर विपक्षी फूल सिंह, मनोज, अनुज, प्रशांत, कमलकांत, योगेश, पुरुषोत्तम ने गिरंद को घेर कर जानलेवा हमला किया था। हमले में गिरंद की मौत हो गई। वहीं रेशमा देवी, भावना और अशोक कुमार घायल हो गए थे। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि हत्याकांड में नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश लगातार जारी है। बृहस्पतिवार रात को एक सूचना पर मिसौरा अंडरपास से हत्याकांड में नामजद अनुज उर्फ संतोष, कमलकांत, पुरुषोत्तम उर्फ परशुराम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेलचा डंडा व ईंट बरामद कर ली गई है। तीनों आरोपियों का चलाना कर शुक्रवार को न्यायालय भेजा गया, जहां से जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।