फतेहपुर सीकरी। केनरा बैंक की शाखा में खाते में 26000 रुपये जमा करने पहुंचे युवक को दो ठगों ने 75000 रुपये बनाने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया। पीड़ित को आरोपी रद्दी का बंडल थमाकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की बृहस्पतिवार को शिकायत के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
ग्राम सोनोठी निवासी राजेंद्र प्रसाद पुत्र बाबू लाल पांच जुलाई को केनरा बैंक की शाखा में 26000 हजार रुपये जमा करने गए थे। जमा स्लिप भरने के दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और उन्होंने अपनी भी जमा स्लिप भरने के लिए कहा। इस दरम्यान दोनों युवक पीड़ित को बातों में फंसाकर शाखा से बाहर गैस एजेंसी से होते हुए मोहल्ला खिड़की आगा तक ले गए। वहां राजेंद्र से कहा कि उनके पास डेढ़ लाख रुपये हैं इनको सेंट्रल बैंक में जमा करना है।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने डेढ़ लाख जमा करके 75000 रुपये निकाल कर देने का लालच देकर उससे 26000 रुपये ले लिए। दोनों आरोपियों ने राजेंद्र को रद्दी की गड्डी थमा दी और वहां से रफूचक्कर हो गए। लौटकर जब राजेंद्र ने बंडल खोलकर देखा तो उसमें रद्दी थी। उसने ठगों की काफी तलाश की मगर कोई पता नहीं चला। पीड़ित के पिता ने बताया कि उन्होंनेपुलिस से मामले की शिकायत की है। जांच में दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में राजेंद्र को ले जाते दिखाई दे रहे हैं। थाना सीकरी के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि उन्हें मामले के बारे में पता नहीं है, जानकारी के बाद जांचकर कार्रवाई की जाएगी।