कासगंज। जिले में 22 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपने भवन मिल जाएंगे। इन भवनोंं के निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। विभाग जल्द ही इनको हैंडओवर में लेगा। इसके बाद ये केंद्र अपने भवनों में संचालित होने लगेंगे।
जिले में 2445 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हैं। विभाग के पास पर्याप्त संख्या में अपने भवन न होने से इनको परिषदीय स्कूल व अन्य सरकारी भवनों, किराए के भवनों आदि में संचालित करना पड़ता है। शासन से जिले के लिए 25 आंगनबाड़ी केंद्र मंजूर किए गए। इसमें से 22 आंगनबाड़ी केद्र बनकर तैयार हाे चुके है।
तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इससे ये भवन भी जल्द पूरे हो जाएंगे। 11 लाख रुपये से अधिक की लागत से एक भवन का निर्माण कराया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों से पोषाहार वितरण के अलावा तीन से छह वर्ष की आयु के बच्चों के लिए प्री-प्राइमरी शिक्षा की भी व्यवस्था लागू की गई है। भवनों के निर्माण में इस बात का भी ध्यान रखा गया है।
बच्चों को शैक्षिक माहौल देने की भी पूरी व्यवस्था की गई है। दीवारों पर हिंदी, अंग्रेजी वर्णमाला, गिनती स्टेशनरी के चित्र, स्कूल जाते बच्चों के चित्र आदि भी अंकित किए गए हैं।
वर्जन
22 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा हो गया है। जल्द ही इनको हैंडओवर में लेने के लिए प्रकिया की जाएगी। इसके बाद इन भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। - सुशीला, डीपीओ