मैनपुरी- किशनी। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद गेहूं खरीद केंद्रों पर अव्यवस्थाएं थमती नजर नहीं आ रही हैं। नगर के विपणन केंद्र पर मजदूर न होने के कारण किसान खुद बोरों में गेहूं भरकर तुलाई करवा रहे हैं। खुले में रखा सैकड़ों क्विंटल गेहूं बेमौसम बरसात होने पर खराब हो सकता है।
नगर के विपणन केंद्र को गेहूं खरीद केंद्र बनाया गया है। विपणन केंद्र को इस वर्ष 32 हजार क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। बुधवार तक विपणन केंद्र पर सिर्फ 10 प्रतिशत यानी 3200 क्विंटल गेहूं की खरीद ही हो सकी है। बुधवार को भीषण गर्मी में कत्तरा के किसान सुधीर कुमार व पहाड़पुर के किसान जयवीर ट्रैक्टर से गेहूं उतारने के बाद खुद ही बोरों में भर रहे थे। उन्होंने बताया कि मजदूर न होने के कारण उन्हें खुद गेहूं भरना पड़ रहा है। मजदूर न होने के कारण चौबीस घंटे इंतजार करने के बाद उन लोगों के गेहूं की तुलाई हो पा रही है। गेहूं खरीद केंद्र पर पानी की व्यवस्था भी नहीं है।
बेमौसम बारिश होने पर गेहूं के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। एमआई राहुल गंगवार का कहना है गर्मी के कारण केंद्र पर मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं। वह किसी तरह काम चला रहे हैं। अचानक बारिश होने पर उन्होंने तिरपाल का इंतजाम कर रखा है। जिले के एफसीआई केंद्र से ट्रक न आने से गेहूं लोड होने के इंतजार में रखा है।