मथुरा। रविवार को मथुरा पुलिस की टीम हरियाणा जाकर अरशद पहलवान गैंग के गुर्गों से पूछताछ करेगी। 18 दिन पहले छाता में वेकमेट फैक्टरी के बाहर लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को अरशद पहलवान गैंग ने ही उखाड़ था। हरियाणा पुलिस की रिमांड पर अरशद के चार गुर्गों ने यह स्वीकारा है। हालांकि पुलिस अभी इसका खुलासा नहीं कर रही है।
पांच फरवरी की रात छाता में वेकमेट फैक्टरी के बाहर लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़कर ले गए थे। इसमें 37 लाख 91 हजार 200 रुपये थे। शुरु से मथुरा पुलिस को अरशद पहलवान गैंग पर शक था। इसी के चलते मेवात में डेरा भी डाल रखा था, पर हरियाणा पुलिस ने तीन दिन पहले उसे मार गिराया और चार गुर्गों को पकड़ लिया।
हरियाणा पुलिस ने चारों गुर्गों को आठ दिन के लिए रिमांड पर लिया है। मथुरा पुलिस की टीम को आज हरियाणा जाना था, पर किसी कारणवश नहीं जा सकी। रविवार को पुलिस टीम 37 लाख 91 हजार 200 रुपये की बरामदगी को लेकर गुर्गों से पूछताछ करेगी। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि अरशद पहलवान गैंग का ही एटीएम उखाड़ने में हाथ था। पुलिस की एक टीम रविवार को अरशद पहलवान गैंग के गुर्गों से सच उगलवाएगी।