कोसीकलां (मथुरा)। हरियाणा के हथीन से वृंदावन प्रेम मंदिर दर्शन करने के लिए तीन लोग कार बुकिंग कर लाए। लौटते समय चालक के साथ मारपीट कर कार को लूट लिया। बदमाश चालक को घायल कर गांव चौंडरस के जंगल में फेंककर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चालक संदीप के अनुसार बुधवार को हथीन से तीन लोगों ने उसकी ब्रैंजा कार को वृंदावन के लिए किराए पर लिया था। शाम को लौटे समय उन्होंने चौमुंहा के समीप केडी डेंटल के आगे तीनों युवक अपने असली रूप में आ गए। उन्होंने गाड़ी को रुकवा लिया और चालक पर हथियार दिखाकर कार को अपने कब्जे में लिया। विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट कर उसे कार में ही डाल लिया।
रात में करीब 12 बजे बदमाशों ने चालक संदीप को घायल कर यूपी हरियाणा सीमा के गांव चौंडरस के जंगल में डाल गए। चालक किसी तरह से बंधनमुक्त होकर हरियाणा के थाना हसनपुर पहुंचा। जांच में मामला यूपी क्षेत्र का निकला। जिसके बाद गुरुवार की देर रात मामले में पीड़ित चालक संदीप पुत्र श्रीपाल निवासी गांव हुडिथल हथीन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।