टूंडला (फिरोजाबाद)। विश्व मधुमेह दिवस पर डायबिटीज से बचाव के लिए अमर उजाला फाउंडेशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और महावीर शिक्षण संस्थान की ओर से बुधवार को ग्लोबल डायबिटीज वॉक का आयोजन किया गया। टूंडला सीएचसी पर मधुमेह शिविर में लोगों को जागरूक किया।
कृषक इंटर कालेज पचोखरा में मधुमेह जागरूकता रैली निकाली गई। शुभारंभ प्रधानाचार्य रंगेश उपाध्याय ने झंडी दिखाकर किया। कालेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस कैडेट्स ने लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक किया।
छात्र-छात्राएं खाने में कम मिठास से जिंदगी और मीठी हो जाती है..., युवाओं को कदम बढ़ाना है, देश को मधुमेह से बचाना है..., स्वस्थ रहने से ज्यादा अच्छा कोई स्वाद नहीं...जैसे नारे लगा रहे थे। कालेज स्टाफ के अलावा कानपुर विश्वविद्यालय से आए कोआर्डिनेटर कौशल शर्मा, हरिओम, अमित आदि मौजूद थे।
इधर सीएचसी टूंडला पर मधुमेह शिविर लगाया। शुभारंभ फिरोजाबाद के एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि मधुमेह से छुटकारा पाने के लिए नियमित व्यायाम, प्रतिदिन 10 हजार कदम पैदल चलें और खानपान में बदलाव लाएं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि मधुमेह कोई बीमारी नहीं, इसके बचाव के लिए अपनी जीवन शैली में बदलाव लाएं और खुश रहें। शिविर में 221 लोगों की जांच की गई, जिनमें नौ लोगों को डायबटीज निकली। डॉ. विवेकानंद, डॉ. कृति गुप्ता, गोविंद सिंह, हतेंद्र, हरिओम, संतोष, खुशबू अग्रवाल, सुनील पवार आदि का सहयोग रहा।