एटा। उपचार के दौरान हुई बालक कृष्णा की मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच को लेकर रिपोर्ट मांगी जाएगी। वहीं आगरा पहुंची बालिका की हालत में सुधार बताया गया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित डा. राजेश सक्सेना के क्लीनिक पर हुई सात वर्षीय बालक कृष्णा की मौत मामले की रिपोर्ट मृतक के पिता विकेन्द्र कुमार ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है। जिसमें पिता ने बेटे को गलत दबा इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप लगाया है। वहीं कोतवाली नगर प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस की तरफ से जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी जांच के लिए बातचीत की जाएगी।
बता दे कि थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव बिचपुरी निवासी विकेन्द्र के सात वर्षीय बेटे कृष्णा की उपचार के दौरान कचहरी रोड स्थित डा राजेश सक्सेना के क्लीनिक पर मौत हो गई थी। जिस पर लोगों ने हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगाया था। वही दूसरी तरफ कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि डा राजेश सक्सेना के क्लीनिक से आगरा भेजी गई बच्ची वर्षा की हालत में सुधार है। परिजन उसका आगरा में इलाज करा रहे है।