मथुरा। शहर में 10 अक्तूबर को श्रीरामलीला सभा के तत्वावधान में निकलने वाली भगवान राम की बारात के स्वागत को नगर सजने लगा है। भरतपुर गेट पर पश्चिमी शैली में 75 फुट ऊंची जनकपुरी सजाई जा रही है जिसे दुर्गा माता महल का रूप दिया जा रहा है। कोलकाता के 15 कारीगर इसे तैयार करने में जुटे हैं। चौक बाजार स्थित सब्जी मंडी में अवधपुरी का भी निर्माण किया जाएगा।
प्रचार मंत्री शशांक पाठक ने बताया कि जनकपुरी के लिए टेंट की व्यवस्था वृंदावन टैंट वाले, लाइट की व्यवस्था हरी इलेक्ट्रिकल स्टोर व फूल सजावट की व्यवस्था गोविन्द अग्रवाल सजावट वालों को सौंपी गई हैं। टेंट व्यवस्थापक तुलसीदास भगत ने बताया कि 75 फुट ऊंचे जनक महल को बांस-बल्लियों के सहारे खड़ा किया गया है। इसके तीनों ओर विशाल द्वार बनाए गए हैं। रंगीन कपड़ों व परदों की सजावट इसमें की जाएगी। संजय बिजली वालों ने बताया कि कोतवाली रोड से लेकर लाला गंज एवं तारघर मार्ग तक दूधिया रोशनियों से विद्युत प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए दिल्ली, अलीगढ़, हरियाणा आदि से विशेष लाइटें तैयार कराई जा रही हैं। गोविन्द अग्रवाल ने बताया कि जनक महल सहित पूरे परिसर को देशी-विदेशी फूलों से सुगंधित किया जाएगा। इसके लिए देशी गुलाब, बेला और रात रानी के अलावा विदेशी फूल आर्किड, लिलियम, ट्यूलिप, अरेबियन नाइट्स, पिंक लिली, टाटा रोज आदि के ऑर्डर दे दिए गए हैं।
इत्र-गुलाब जल से होगा स्वागत
जनकपुरी में विभिन्न वस्तुओं, खान-पान, बच्चों के खिलौनों आदि की दुकानें भी सजाई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का भी आयोजन होगा। इत्र व गुलाब जल की फुहारों से बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा।