मैनपुरी-कुसमरा। बेवर क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह खेत पर शौच के लिए जा रही महिला को सड़क पार करते समय ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। उधर सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जब शव उठाने की कोशिश की तो मृतक के परिजनों व लोगों से झड़प भी हुई। बाद में पुलिस के समझाने पर आक्रोशित लोगों ने जाम खोला।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव कूड़ी निवासी 50 वर्षीय कमलेश देवी शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे शौच के लिए खेत की ओर जा रहीं थीं।
सड़क पार करते समय कुसमरा मार्ग पर कुड़ी गांव के पास मार्ग से गुजर रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक ने महिला को मृत देख ट्रक को भगा दिया। हादसे की जानकारी होने के बाद मृतका के परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। इस बीच आक्रोशित लोगों ने फर्रुखाबाद मार्ग पर अवरोध डाल कर जाम लगा दिया। हादसे के बाद जाम की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को उठाने की कोशिश की तो परिजनों ने विरोध किया, जिसके चलते पुलिस व जाम लगाए लोगों में झड़प भी हुई। करीब एक घंटा तक जाम लगा रहा, थाना प्रभारी पहुप सिंह के समझाने पर आक्रोशित लोगों ने जाम खोला जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कुसमरा। बेवर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद करीब एक घंटा तक जाम लगा रहा। जाम में दो पहिया व चार पहिया वाहन फंसे रहे। वहीं बच्चों को स्कूल ले जा रहा वाहन भी जाम में काफी देर तक फंसा रहा। ग्रामीणों के जाम खोलने के बाद मार्ग का आवागमन सुचारू हो सका। कुसमरा। सड़क हादसे में जान गवाने वाली मृतका कमलेश देवी के पति की दो वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। महिला की मौत के बाद अब पुत्र और पुत्री के सिर से मां बाप दोनों का साया उठ चुका है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।