मथुरा। गोविदंनगर के 80 फुटा में पार्क में भैंस बांधने की मना करने पर पशुपालकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और सरियों से हमला करते हुए दो लोगों को घायल कर दिया। गोविंदनगर पुलिस ने केवल एनसीआर दर्ज करके इतिश्री कर ली। हमलावर बेखौफ घूम रहे हैं।
80 फुटा निवासी पंकज सोनी और त्रिपुरारी सिंघल ने कालोनी के पार्क में भैंसों को बांधने का विरोध किया। आरोप है कि पशुपालकों ने घर में घुसकर पंकज सोनी और त्रिपुरारी सिंघल पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दोनों का पीटकर लहूलुहान किया तो शोर सुनकर आसपास के लोग आए गए। इसी बीच हमलावर भाग खड़े हुए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण को दोनों घायलों को भेजा। तहरीर पर केवल एनसीआर दर्ज की है। पंकज सोनी ने बताया कि आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस नहीं पकड़ रही। जल्द ही एसएसपी से मिलकर वह मामले से अवगत कराएंगे। प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।