फिरोजाबाद। मूल विद्यालयों में जाने के लिए समायोजित शिक्षकों से विकल्प पत्र मांगे गए हैं। बीएसए अरविंद पाठक ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए। महिलाओं को मौका दिया है कि यदि वे अपने पति के निवास के पास के विद्यालय में जाना चाहती हैं तो विकल्प भर सकती हैं। इस आदेश से शिक्षामित्रों को राहत मिकलेगी।
समायोजित शिक्षामित्रों की जहां नियुक्ति हुई थी। उसी विद्यालय में भेजने के आदेश दिए हैं। शिक्षामित्रों की लंबे समय से मांग थी। समायोजन के बाद शिक्षामित्रों को दूर विद्यालयों में तैनात कर दिया था। जब मूल पद पर पुन: वापसी हुई तो वेतन में कटौती हो गई थी। शिक्षकों को अधिक किराया खर्च करना पड़ता था। ऐसे में सरकार ने शिक्षामित्राें को राहत देते हुए उन्हें मूल विद्यालय में जाने का मौका दिया है। जो महिलाएं पति के निवास के पास स्कूल में तैनाती चाहती हैं वे 30 जुलाई तक एबीएसए कार्यालय में विकल्प पत्र जमा कर दें।
मूल विद्यालय में तैनाती के लिए डायट से प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र, समायोजन के समय जारी नियुक्ति पत्र लगाना होगा। वर्तमान समय में तैनाती के लिए नियुक्ति पत्र जमा करना होगा। जो महिला शिक्षामित्र पति के निवास के निकट तैनाती चाहती हैं, उन्हें नियुक्ति पत्र एवं पति का मूल निवास प्रमाण पत्र जमा करना होगा। बीएसए अरविंद पाठक ने कहा तैनाती संबंधित आदेश मिल गए हैं। निर्धारित समय में शिक्षामित्र अपने विकल्प पत्र जमा कर दें।