चौमुहां (मथुरा)। शुक्रवार की सुबह हाईवे पर जैंत के प्रकाश ढाबे के बराबर में एक प्लाट पर बने कमरे में आटो चालक फंदे पर लटका मिला। अंगोछे का फंदा बनाकर गले में डाल रखा था। सूचना पर पहुंची जैंत पुलिस ने शव को उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस की मानें तो युवक ने सुइसाइड किया है।
आगरा के थाना सैंया के गांव गढ़साल निवासी योगेंद्र (22) पुत्र गोपाल उर्फ नरसी आटो चालक था। शुक्रवार की सुबह उसका शव प्रकाश ढाबे के बराबर में रमेश चंद के प्लाट में बने कमरे के दरवाजे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची जैंत पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आटो चालक ने फांसी लगाकर सुइसाइड किया है। दरवाजे पर दीवार में डंडा लगाया और उसके बाद गले में अगोछा बांधकर फांसी लगाकर लटक गया। मृतक टेंपो चालक था और उसकी बहनों का विवाह साल 2002 में गांव सेही में हुआ था, तभी से वह अपनी बहनों के साथ यहां आ गया था। उसके बाद से यहां रहकर आटो चलाकर जीवनयापन करता था। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक नशे का आदी भी हो गया था।