किसानों से अवैध वसूली एवं अनियमितताओं के दोषी पाए गए यूपी एग्रो के केंद्र प्रभारी को संस्था के प्रबंध निदेशक ने अभी तक निलंबित नहीं किया है। खाद्य एवं रसद विभाग आयुक्त ने संस्था के प्रबंध निदेशक की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने संस्था के प्रबंध निदेशक को तत्काल केंद्र प्रभारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यूपी एग्रो के गल्ला मंडी परिसर में संचालित गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी सतीश कुमार के किसानों से अवैध वसूली करने का ऑडियो वायरल हुआ था। इसके अलावा केंद्र प्रभारी केंद्र पर तिरपाल की व्यवस्था न करने, ऑन लाइन फीडिंग, अभिलेखों के कंप्यूटर प्रिंट आउट न रखने, किसानों के खसरा खतौनी आदि प्रमाण पत्रों का आधार न बनाने आदि के दोषी पाए गए। इसके बाद जिलाधिकारी आरपी सिंह ने यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक को केंद्र प्रभारी के खिलाफ निलंबंन व विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों को एक पखबाड़ा हो चुका है, लेकिन अभी तक केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई में बरती जा रही लापरवाही पर खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त आलोक कुमार ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक को तत्काल कार्रवाई करने तथा सभी केद्र प्रभारियों को क्रय नीति के प्रावधानों के तहत सभी केंद्रों पर खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।