मानपाल सिंह मिनी ने सहकारी समिति संचालक
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। सहकारी समिति के निरस्त संचालक पद के लिए शुक्रवार को मतदान में बाजी सपा प्रत्याशी के हाथ लगी। भाजपा और एक अन्य प्रत्याशी को एक भी वोट नहीं मिला। मात्र 10.58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विजेता प्रत्याशी का उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
सहकारी समिति के वार्ड छह गोरहा के संचालक पद के लिए छह मार्च को मतदान के दौरान सपा एवं भाजपा प्रत्याशी के मध्य भिड़ंत होने, मतपत्र लूट लिए जाने, मतपत्र फाड़ देने आदि की घटना के बाद चुनाव निरस्त कर दिया गया था। चुनाव के लिए दोबारा तिथि निर्धारित की गई। चुनाव में सपा से मानपाल सिंह मिनी, भाजपा से राजू और एक अन्य प्रत्याशी यादराम चुनाव मैदान में थे। क्रय विक्रय समिति पर होने वाले चुनाव के लिए मतदाताओं में उत्साह का अभाव देखा गया। 667 मतदाताओं में से मात्र 71 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। मतदान होने के बाद मतगणना कराई गई। मतगणना में बाजी सपा प्रत्याशी के हाथ लगी। सभी 71 वोट सपा प्रत्याशी के पक्ष में गए। भाजपा और अन्य प्रत्याशी को किसी भी मतदाता ने अपना वोट नहीं दिया। मतदान और मतगणना के दौरान मतदान स्थल क्रय विक्रय समिति पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। निर्वाचन अधिकारी सत्यवीर सिंह ने विजेता प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया। विजेता प्रत्याशी को उनके समर्थकों ने फूलमालाओं से लाद दिया।