फिरोजाबाद। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को मिलने वाले पुष्टाहार में तब्दीली की जा रही है। बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा संचालित इन केद्रों पर 12 तरह के रेसीपी से तैयार मिक्स पुष्टाहार का वितरण होगा। इसमें प्री मिक्स दलिया, सूजी का हलवा और लड्डू आदि शामिल हैं।
कुपोषण से मुक्ति एवं एक पांच वर्ष तक बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित आंगनबाड़ी केंद्र फिलहाल बच्चों की बेरुखी का शिकार हैं। ऐसे में शासन ने बच्चों को केंद्रों से जोड़ने के लिए नई कार्य योजना बनाई है।
इसके तहत केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को जल्द ही प्री-मिक्स दलिया, हलवा एवं लड्डू के अतिरिक्त बारह तरह की पैक्ड रसीपी तैयार वितरण किया जाएगा। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इसके लिए टेंडर उठाया गया है। प्रदेश में 12 कंपनियों को पुष्टाहार वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। जिले में कौन से कंपनी पुष्टाहार वितरण करेगी फिलहाल तय नहीं हुआ है।
जिले में संचालित सभी 11 बाल विकास परियोजनाओं के माध्यम से 2540 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन सभी केंद्रों पर तीन लाख 56 हजार 196 बच्चे पंजीकृत हैं। टेंडर नहीं उठने के कारण इन केंद्रों पर माह जनवरी 2018 से पुष्टाहार का वितरण ठप है।
विभागीय अधिकारियों की माने तो शासन ने पुष्टाहार वितरण व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने को पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुष्टाहार के पैकेटों पर परियोजना के हिसाब से कोडिंग की जाएगी। यही नहीं पुष्टाहार के पैकेट का रंग भी जिले वार रूप से निर्धारित किया जाएगा ताकि कौन से पैकेट किस परियोजना व किस जिले का तत्काल जानकारी मिल जाएगी।