मथुरा। पुलिसकर्मियों के जीपीएफ में भी दो लाख का गबन कर डाला। वर्ष 2011-12 में यह गबन पुलिस विभाग के सहायक लेखाकार ने किया। छह साल तक छुपे रहे इस गबन को एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पकड़ा है। एसएसपी के आदेश पर थाना सदर बाजार में सहायक लेखाकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वर्तमान में सहायक लेखाकार झांसी जीआरपी में तैनात है।
मथुरा पुलिस विभाग में सहायक लेखाकार के पद पर तैनात विक्रम सक्सेना ने साल 2011-12 में पुलिसकर्मियों के जीपीएफ के लिए पांच लाख रुपये निकालने थे, लेकिन सात लाख रुपये निकाल लिए। दो लाख का गबन करने वाले सहायक लेखाकार का यह घपला छह साल तक छिपा रहा। कई एसएसपी आए और चले गए, लेकिन किसी ने इसको नहीं पकड़ा।
अब एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सहायक लेखाकार के दो लाख रुपये के गबन को पकड़ लिया। पुलिस विभाग के लेखाकार राकेश सिंह चौहान की तहरीर पर सहायक लेखाकार के खिलाफ थाना सदर बाजार में आईपीसी की धारा 420 और 409 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि लेखाकार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। वर्तमान में सहायक लेखाकार झांसी जीआरपी में तैनात है।