मैनपुरी। इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन है। होली के हुड़दंग में कोई अप्रिय वारदात न हो जाए, इसको लेकर अफसरों के हाथ-पैर फूल रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। अफसरों ने थाना पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है। अराजकतत्वों पर नजर रखी जा रही है। सभी संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करने के साथ ही वहां पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मिश्रित आबादी क्षेत्र में भी पुलिस की चौकसी रहेगी। उपद्रवी बख्शे नहीं जाएंगे।
दो मार्च के दिन शुक्रवार को जुमे की नमाज 71 मस्जिदों में होगी। एक ही दिन दोनों संप्रदायों के आयोजनों से प्रशासन भी कोई लापरवाही बरतना नहीं चाहता। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि चिह्नित की गईं 10 मस्जिद मिश्रित आबादी क्षेत्र में हैं। वहां सुरक्षा की दृष्टि से चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। सभी थानाध्यक्षों को भी मीटिंग कर अपने अपने क्षेत्र में त्योहार के दिन विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इस वर्ष भी हिंदू-मुस्लिम त्योहार शांति और सौहार्द्र के बीच ही संपन्न होंगे।