फिरोजाबाद। सोमवार रात थाना रसूलपुर के चौकीगेट स्थित मकान पर चार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश मकान से तीन मोबाइल फोन, दो हजार की नकदी के साथ व अन्य सामान ले गए। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। फायरिंग सुनकर आसपास के लोग जाग गए। इससे बदमाश भाग गए। पीड़ित ने तहरीर दी है।
थाना रसूलपुर चौकीगेट निवासी विपिन तिवारी पुत्र विश्नू नरायन तिवारी परिवार के साथ रहते हैं। विपिन तिवारी खुद गोदामों में एकाउंटिंग का काम करते हैं। बड़ा बेटा अनमोल तिवारी डीपीएस स्कूल में पढ़ाता है। सोमवार रात पूरा परिवार घर पर सो रहा था। विपिन की मानें तो रात करीब डेढ़ बजे छत के रास्ते चार हथियारबंद बदमाश आए। बाहर के कमरे में सो रहे बेटे अनमोल तिवारी को घेर लिया। इसके बाद विपिन का कमरा खुलवाया। उन्होंने बताया कि तीन बदमाशों के हाथों में तमंचे एवं एक के हाथ में चाकू था। बदमाशों ने अलमारी की चाबी मांगी, नहीं देने पर वहां दहशत फैलाने को फायरिंग की।
बदमाश घर में रखे तीन मोबाइल दो पर्स में रखी करीब दो हजार की नकदी व अन्य सामान ले गए। विपिन ने बताया कि फायर उनकी कनपटी से सटाकर की गई। फायरिंग सुनकर उनकी पत्नी बबिता तिवारी काफी घबरा गई। जगार होने की आशंका पर बदमाश भाग गए। जानकारी होते ही भाजपा नेता चंद्रप्रकाश जैन सहित काफी लोग एकत्रित हो गए। वहीं बदमाशों के आने की जैसे ही सूचना मिली डायल 100 की टीम रात ढाई बजे पहुंची। पुलिस ने पड़ताल की। मौके से मिला खाली खोखे को साथ ले गई। पीड़ित ने इस मामले में थाना पुलिस को तहरीर दी है।
विपिन तिवारी ने बताया कि 18 एवं 19 अगस्त 2016 की रात को चोरों ने मकान पर धावा बोला था। करीब एक लाख की नकदी, कंप्यूटर डिवाइस के साथ जेवरात को चोरी कर ले गए थे लेकिन पुलिस अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी।
बदमाशों द्वारा फायरिंग करने के बाद अनमोल तिवारी ने उनका विरोध किया तो एक बदमाश ने गला काटने तक की धमकी दे डाली। हालांकि बदमाश इसलिए नहीं रुके कि पड़ोस में कुछ जगार होने की आशंका हो गई थी।