फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। गब्बर को रिमांड पर लेने गई थाना पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस के पहुंचने से पहले पंजाब पुलिस गब्बर उर्फ अवधेश को रिमांड पर लेकर चली गई।
पंजाब का शार्प शूटर मुठभेड़ में पकड़े जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसके साथी अवधेश उर्फ गब्बर निवासी उत्तम नगर दिल्ली को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा था। गब्बर के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के साथ ही फिरोजाबाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। शिकोहाबाद पुलिस ने गब्बर को रिमांड पर लेने के लिए अर्जी लगाई।
टीम को आठ फरवरी को रिमांड पर लेने का न्यायालय ने आदेश दिया। थाना पुलिस गब्बर को लेने ात फरवरी सायं दिल्ली के लिए निकली। सुबह जब टीम तिहाड़ जेल पहुंची तो पता चला कि गब्बर को पंजाब पुलिस रिमांड पर ले जा चुकी है। इसके बाद पुलिस मायूस होकर लौट आई।
विवेचक अशोक कुमार ने बताया अब दोबारा रिमांड के लिए प्रार्थना पत्र न्यायालय में देकर उसे रिमांड पर लाया जाएगा। उधर बंटी और आकाश की गिरफ्तारी के बारे में एसआई ने कहा दोनो की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उनके खिलाफ वारंट लेने की कार्रवाई चल रही है। शीघ्र ही वारंट लेकर आवास पर नोटिस चस्पा कर कुर्की की कार्रवाई होगी।