फिरोजाबाद। थाना उत्तर के जलेसर रोड हरीनगर के बाहर स्थित शिव मंदिर की मूर्तियों को तोड़कर शहर के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की गई। मेयर नूतन राठौर के साथ क्षेत्रीय सभासद पहुंचे। थाना पुलिस को अवगत कराया। थानाध्यक्ष लोकेश भाटी ने मंदिर को ठीक कराने का भरोसा दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मंदिर के सामने स्थित बीयर की दुकान को हटाने की मांग की।
मंदिर में कोई महंत रखने के बजाय क्षेत्रीय बाशिंदे खुद पूजा अर्चना व मंदिर की देखभाल करते हैं। सोमवार सुबह लोग शिव मंदिर के करीब से निकले तो उन्हें टूटा हुआ पत्थर दिखाई दिया। पार्षद मनोज ताऊ सहित काफी लोग मंदिर पहुंच गए। लोगों में खास आक्रोश था। सूचना पर मेयर नूतन राठौर भी आ गईं। थानाध्यक्ष लोकेश भाटी ने जांच पड़ताल की और मंदिर के टूटे पत्थरों को ठीक कराने का भरोसा दिलाया।
क्षेत्र के लोगों ने मेयर को बताया कि मंदिर के सामने बीयर की दुकान है। दिन भर यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने कहा कि यह किसी सिरफिरे व्यक्ति ने हरकत की है। मंदिर की मूर्तियों को कोई नुकसान नहीं हुआ। तोड़फोड़ करने वालों ने पत्थरों को तोड़ा है। उनको शीघ्र ही ठीक कराएंगे। मंदिर पर हिंदू युवा वाहिनी के रंजीत सिंह, भारत सिंह सहित काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे।