बिछवां। गांव सुल्तानगंज निवासी एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पांच फरवरी को शादी तय हुई थी। परिवारीजनों की ओर से आत्महत्या करने की तहरीर दी गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट गला दबाकर हत्या की ओर इशारा कर रही है। मामला ऑनर किलिंग का भी हो सकता है।वहीं एएसपी का कहना है कि अगर मामला ऑनर किलिंग का निकलता है तो आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे।
थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानगंज निवासी पप्पू चक की 21 वर्षीय पुत्री चीनी की शादी पांच फरवरी को होनी थी। घर में शादी का माहौल चल रहा था। वहीं दूसरी ओर शादी तय होने से चीनी नाखुश नजर आ रही थी। मंगलवार शाम को संदिग्ध परिस्थिति में उसकी मौत हो गई। परिवारीजन शव को घर में ही रखे रहे। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पूछताछ में परिवारीजनों ने मौत की वजह आत्महत्या बताया। उनके मुताबिक चीनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामले में थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि भाई ने युवती किसी से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। उसने बहन को थप्पड़ मार दिया, जिस वजह से गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
चीनी की शादी तय हो गई थी। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था। शादी की तैयारियां जोरों पर चल रहीं थी। पिता मैरिज होम की भी बुकिंग कर चुके थे। इस बीच अचानक चीनी की मौत के बाद शादी की खुशियों वाले घर में मातम छा गया है।
जांच की सुई ऑनर किलिंग की ओर घूमी
बिछवां। मृतका चीनी के परिवारीजन और थाना पुलिस आत्महत्या की बात कह रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की ओर इशारा कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक गला दबाकर हत्या करने के बाद गले पर निशान बनाने के लिए या तो शव को लटकाया गया। या डंडा आदि से दबाया गया है। वहीं, पुलिस की जांच की दिशा अब ऑनर किलिंग की ओर मुड़ गई है।
थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानगंज निवासी 21 वर्षीय चीनी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए गले पर निशान भी बनाए गए। यह बातें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उजागर हुई हैं। वहीं, पुलिस भी मान रही है कि फोन पर बात करने के दौरान भाई ने पकड़ लिया होगा। इसके बाद उसे थप्पड़ मारा, जिससे आहत होकर युवती ने फांसी लगा ली, लेकिन मगर पुलिस व परिवारीजनों की ये दलील भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को झुठला रही है। चर्चा है कि मृतका किसी युवक से प्यार करती थी। जब शादी तय हुई तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया, लेकिन घरवाले जबरिया शादी का दबाव बना रहे थे। फोन पर बात करते पकडे़ जाने तक की बात सही है, लेकिन इसके आगे गला दबाकर हत्या किसने की यह पुलिस के जांच का विषय है।
जांच के दौरान पता लगा है कि लड़की शादी के लिए तैयार नहीं थी। ऑनर किलिंग की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसको बख्शा नहीं जाएगा।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी मैनपुरी