एटा। जिला कृषि और औद्योगिक विकास प्रदर्शनी (रंग महोत्सव) में इस बार काफी कुछ आकर्षक होगा। अक्षय कुमार और कैलाश खैर जैसी बड़ी हस्तियां लोगों का मनोरंजन करेंगे। रंग महोत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 जनवरी को प्रदर्शनी के उद्घाटन की तिथि फाइनल कर दी गई है। मंगलवार सुबह डीएम अमित किशोर ने प्रदर्शनी स्थल पहुंचकर आयोजन संबंधी निर्देश दिए।
रंग महोत्सव को लेकर चल रहा असमंजस मंगलवार को दूर होता नजर आया। सुबह डीएम अमित किशोर समेत तमाम अधिकारियों ने प्रदर्शनी आयोजन स्थल सैनिक पड़ाव पहुंचकर तैयारियों को लेकर चर्चा की। कार और बाइक के पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। दुकानों के बीच 30 फुट का रास्ता रहेगा। इसे इंटरलॉक कराया जाएगा। प्रदर्शनी स्थल पर बने मंच को पुलिस चौकी या कंट्रोल रूम के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।
एक-दो दिन में कार्यक्रमों और संयोजकों की सूची फाइनल कर दी जाएगी। यह साफ हो गया है कि प्रदर्शनी कार्यक्रम में एक दिन ओडीएफ नाइट का आयोजन किया जाएगा। इसमें फिल्म कलाकार अक्षय कुमार लोगों को खुले में शौच मुक्ति के प्रति जागरूक करेंगे। वहीं संगीत कार्यक्रम के लिए प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर का कार्यक्रम लेने की तैयारी चल रही है।
एसडीएम बृजेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी का आयोजन काफी भव्य होगा। 19 जनवरी को नुमाइश का उद्घाटन कराने के लिए तैयारी चल रही है।
दुकानदारों की बड़ी चिंता
प्रदर्शनी में दुकान लगाने पहुंचे दुकानदार जगह का किराया सुनकर चिंता में हैं। ठेके की कीमत बढ़ने से दुकान के किराए के रेटों में इजाफा हो गया है। दुकानदारों ने बताया कि तीन हजार रुपये प्रति वर्ग फुट के हिसाब से किराया वसूल किए जाने की बात सामर्ने आई, जो कि बहुत ज्यादा है। अगर दाम कम नहीं होते हैं, तो कोई भी दुकानदार नुमाइश में दुकान लगाने से परहेज करेगा।