मैनपुरी। सर्दी का मौसम मरीजों के लिए आफत बनकर आ रहा है। बुखार और कोल्ड डायरिया के साथ ही पेटदर्द की बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ चली है। सोमवार को जिला अस्पताल में पांच और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ जिले में पिछले 48 घंटे में नौ मरीजों की जिला अस्पताल में मौत हो चुकी है।
जनपद में पिछले तीन दिन से सर्दी का प्रकोप बढ़ा है। सर्दी का प्रकोप बढ़ते ही मरीजों की संख्या भी तेजी के साथ बढ़ चली है। खास बात यह है कि सर्दी के मौसम में भी मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही।
अस्पताल में भर्ती कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सौतियाना निवासी 80 वर्षीय ब्रजमोहन को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। रविवार को परिवारीजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सोमवार को ब्रजमोहन की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र में ही करहल रोड निवासी 75 वर्षीय रतना जैन की हालत दो दिन से खराब थी। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिवारीजनों ने रविवार की रात उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान रतना की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ही मोहल्ला नगला रते निवासी 70 वर्षीय रामेश्वर दयाल को रविवार को कोल्ड डायरिया की शिकायत हो गई। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सोमवार को रामेश्वर की मौत हो गई।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव रंपुरा निवासी कालीचरन की 60 वर्षीय पत्नी रामवती देवी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उन्हें शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को उपचार के दौरान रामवती की मौत हो गई।
कस्बा बिछवां निवासी 40 वर्षीय जवाहर लाल को रविवार की रात अचानक पेटदर्द उठा तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में जवाहर लाल की सोमवार को मौत हो गई।
जिला अस्पताल में पिछले दो दिन में नौ मरीजों की मौत हुई है। इनमें आठ मरीजों की उम्र 60 से ऊपर है। सर्दी के मौसम में वृद्ध लोग बीमारियों का शिकार अधिक हो रहे हैं।
सीएमएस डॉ. आरके सागर का कहना है कि पिछले तीन दिनों में अचानक मौसम खराब होने के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ा है। ऐसे में बुजुर्गों का ख्याल रखने की जरूरत है। उन्हें बाहर खुले में न लेटने दें। उनका विस्तर गर्म रखें। जरा भी परेशानी होने पर उपचार दिलाएं।