मैनपुरी। विकास भवन के अंबेडकर सभागार में गुरुवार को डीएम प्रदीप कुमार ने बीएलओ की तैयारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने बीएलओ को मतदाताओं के घर पर 20 नवंबर तक वोटर पर्ची हरहाल में पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता पर्ची घर के मुखिया, वयस्क सदस्यों को ही दी जाए। वितरण पंजिका में प्राप्तकर्ता के हस्ताक्षर भी कराए जाएं।
विकास भवन के अंबेडकर सभागार में बीएलओ की तैयारी बैठक में उन्होंने कहा किसी भी चुनाव के लिए मतदाता सूची का अपडेट होना जरूरी है। कुछ बीएलओ ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बरती है, जिन्हें चिह्नित किया गया है। उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई होगी।
कुछ सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। बीएलओ मतदाता पर्ची वितरण में शिथिलता न बरतें। शिकायत पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। सही मतदाता, सही परिवार तक पर्ची पहुंचाना बीएलओ की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
नगर पंचायत भोगांव के छह, बेवर के तीन, कुरावली के दो, कुसमरा, करहल के एक एक बीएलओ प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे हैं। संबंधित अधिशासी अधिकारी गुरुवार शाम तक अनुपस्थित बीएलओ को मतदाता स्लिप सूची उपलब्ध करा दें। यदि सूचना के बावजूद कोई बीएलओ शाम तक न पहुंचे तो उसके खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट लिखाई जाए।
सीडीओ विजय कुमार गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व बी राम, न्यायिक अरुण कुमार सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी एजाज अहमद, अधिशासी अधिकारी करहल, किशनी, भोगांव, कुरावली आदि मौजूद थे।