आगरा। थीम पार्क की जमीन पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यदि मूर्त रूप लेता है तो इनररिंग रोड के आसपास के क्षेत्र की सूरत ही बदल जाएगी। बेहतर सड़क संपर्क की वजह से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और इनररिंग रोड के बीच का क्षेत्र आबाद हो जाएगा।
सिविल टर्मिनल के साथ ही आगरा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर फिर से मंथन शुरू हो गया है। इस बार कुबेरपुर में प्रस्तावित थीम पार्क की जमीन पर हवाई अड्डा बनाने पर विचार किया जा रहा है। थीम पार्क की योजना पर ताला लगने के बाद से अधिग्रहण की गई जमीन का कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस जमीन पर यदि हवाई अड्डे की योजना मूर्त रूप लेती है तो इनररिंग रोड के आसपास नया आगरा बस सकता है।
दरअसल, हवाई अड्डा बनने के बाद इनररिंग रोड और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के बीच तमाम जमीन है। यहां कई योजनाएं शुरू की जा सकती है। नोएडा, दिल्ली, अलीगढ़, हाथरस के अलावा फिरोजाबाद, मथुरा, ग्वालियर, एटा, इटावा, मैनपुरी आदि शहरों से इस क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी है। इसके चलते यहां होटल इंडस्ट्री को और बढ़ावा मिल सकता है।