आगरा। आलू की खेती करने वाले किसान उद्यान विभाग से बीज प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को खेत की खसरा-खतौनी की प्रति कांपी, पहचान पत्र और एक फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। एक किसान को अधिकतम 17.50 क्विंटल बीज ही आवंटित किया जाएगा।
जिले में 3800 क्विंटल आलू बीज आवंटित हुआ है। इसकी कीमत इस बार 1400 रुपये प्रति क्विंटल है। पिछले साल ये कीमत 2410 रुपये थी। इस बार आलू की खेती में नुकसान होते देख प्रदेश सरकार ने बीज के दाम में प्रति क्विंटल 1010 रुपये कम कर दिए हैं।
बीज के लिए किसान आवश्यक कागजातों के साथ उद्यान विभाग में फार्म भरकर देना होगा। बीज की कीमत का भुगतान करने के बाद उसे तय आलू बीज उपलब्ध करा दिया जाएगा। डीएचओ अनीता सिंह ने बताया कि आलू बीज का वितरण शुरू हो गया है। पंजीकरण कराने के बाद आलू बीज उपलब्ध कराया जाएगा। आलू बीज का भंडारण टेढ़ी बगिया स्थित प्रकाश शीतगृह में किया गया है।
तापमान अधिक होने से देरी से हो रही बुवाई
अक्तूबर में तापमान खूब गर्म रहा। अभी भी तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके चलते आलू की बुवाई में देरी हुई है। अमूमन 15 अक्तूबर से बुवाई शुरू हो जाती है और 20 अक्तूबर से गति पकड़ जाता है। लेकिन इस बार तापमान कम न होने के कारण कई ब्लाक में आलू की बुवाई शुरू भी नहीं हुई है। विशेषज्ञ मानते आलू बुवाई के लिए रात का तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस आदर्श तापमान है।