मैनपुरी (कटरा समान)। बैंक आफ इंडिया की समान शाखा में सोमवार को कर्मचारी और खाता धारक के बीच डीडी बनवाने को लेकर कहासुनी हो गई। बैंक कर्मचारियों ने पुलिस बुला ली। जिसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया।
सोमवार सुबह राजकीय ठेकेदार रामखिलाड़ी सिंह खाता से डीडी बनवाने बैंक पहुंचे थे। जब उन्होने बैंक कर्मी से डीडी बनाने को कहा तो कर्मचारी ने इंकार करते हुए कल आने की बात कही। रामखिलाड़ी ने कहा कि डीडी जमा होना आज ही जरूरी है। आखिरी तारीख है यदि डीडी जमा नहीं हुई तो उसे बड़ा नुकसान होगा।
इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। तभी कर्मचारी ने गार्ड को बुलाकर रामखिलाड़ी को बैंक के बाहर ले जाने को कह दिया। इस बात को लेकर बैंककर्मी और रामखिलाड़ी में विवाद बढ़ गया।
इस दौरान कुछ अन्य लोग भी वहां आकर गाली गलौज करने लगे। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। जानकारी होने के बाद कसबा कटरा के व्यापारी थाने पहुंच गए। बैंककर्मियों ने अभद्रतापूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया। व्यापारी जब एकजुट होकर विरोध करने लगे तो बैंककर्मी ने शिकायत वापस ले ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता के बाद मामला रफा दफा कर दिया गया।